*ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का 10 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार : सिविल लाइन पुलिस ने भेजा जेल*

*ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का 10 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार : सिविल लाइन पुलिस ने भेजा जेल*

बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले समूह से जुड़े फरार आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी पिछले करीब 10 माह से पुलिस की कार्रवाई के बाद फरार था।

पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 35/2026 का है 6 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर व्यापार विहार छोटी पार्किंग के पास ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए आयुष अग्रवाल उर्फ आकाश, निवासी विनोबा नगर तारबाहर, को पकड़ा गया था। पूछताछ में उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा-पट्टी खिलाने तथा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों से रुपये लगाने की जानकारी सामने आई थी।

इस मामले में आयुष अग्रवाल, प्रकाश पंजवानी और रोहित पंजवानी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान फरार आरोपी नीरज पाहुजा के संबंध में जानकारी मिलने पर 26 नवंबर 2026 को पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने नीरज पाहुजा (30), पिता धनेन्द्र पाहुजा, निवासी गांधी चौक के पास जूना बिलासपुर, थाना सिटी कोतवाली को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है।

ब्यूरो रिपोर्ट