*किसानों के लिए खबर : धान खरीदी व्यवस्था में फसल प्रविष्टि और सत्यापन को लेकर शासन के निर्देश जारी*
रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों के बीच राज्य शासन ने DCS एवं PV ऐप के माध्यम से दर्ज फसल प्रविष्टियों के सत्यापन और खसरा संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। शासन ने पात्र किसानों को धान विक्रय में परेशानी न हो, इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 25 नवंबर 2026 को जारी पत्र में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में कार्रवाई करने को कहा गया है।
निर्देश के अनुसार, ऐसे किसान जिनका खसरा फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज है, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहा है, उनके खसरों की मैपिंग के लिए संबंधित समिति की आईडी में “एग्रीटेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण क्लिक करें” विकल्प उपलब्ध कराया गया है। संबंधित समितियों के माध्यम से इन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया है, ताकि पात्र किसानों को धान उपार्जन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस प्रक्रिया की समय-सीमा 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
वहीं, ऐसे किसानों के मामले में जिनकी फसल DCS के माध्यम से दर्ज है, लेकिन ड्रोन सर्वे में भूमि को गैर-कृषि दर्शाया गया है और किसान वास्तविक रूप से धान की फसल होने का दावा कर रहे हैं, ऐसे प्रकरणों का भी भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। यदि DCS एवं PV ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि उपलब्ध नहीं होने के कारण सत्यापन में छूट गए हैं, तो संबंधित तहसीलदार के माध्यम से मौके पर जाकर वास्तविक फसल की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर वास्तविक फसल एवं फसल क्षेत्रफल का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक संबंधित प्रकरण में मौका पंचनामा तैयार कर फसल की वास्तविक स्थिति प्रमाणित करने के लिए आवश्यक फोटो भी संलग्न किए जाएंगे। शासन ने निर्देशित किया है कि सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त करते हुए फसल प्रविष्टि एवं संशोधन की अंतिम कार्रवाई की जाए। इसके लिए 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से जानकारी उपलब्ध कराने कहा गया है। धान खरीदी के दौरान पात्र किसानों को तकनीकी एवं रिकॉर्ड संबंधी विसंगतियों के कारण परेशानी न हो, इस उद्देश्य से शासन ने सभी जिलों में इन मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट



rajuji