*बिलासपुर तहसील कार्यालय में अधिवक्ता से दुर्व्यवहार करने वाला बाबू निलंबित*

*बिलासपुर तहसील कार्यालय में अधिवक्ता से दुर्व्यवहार करने वाला बाबू निलंबित*

बिलासपुर। तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में अधिवक्ता से दुर्व्यवहार करने वाले बाबू के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। शिकायत और जांच में मामला सही पाए जाने के बाद कलेक्टर ने बाबू रवि सूर्यवंशी को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू शराब के नशे में धुत होकर अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। घटना को लेकर अधिवक्ता मनीष दीक्षित ने एसडीएम बिलासपुर से शिकायत की थी।

शिकायत मिलने के बाद एसडीएम ने मामले की जांच तहसीलदार से कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसडीएम ने रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी। इसके बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बाबू रवि सूर्यवंशी को निलंबित कर दिया।

तहसील कार्यालय जैसे सार्वजनिक प्रशासनिक संस्थान में इस तरह की घटना सामने आने के बाद कर्मचारियों के व्यवहार और कार्यालयीन अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट