*पुरानी रंजिश में ठेला संचालक और उसके साथी से मारपीट,फरार आरोपी गिरफ्तार*
बिलासपुर। पुरानी रंजिश को लेकर ठेला संचालक और उसके साथी के साथ मारपीट करने के मामले में फरार आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है मामले में तीन अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे की है। प्रार्थी रितेश कुमार साहू इंद्रपुरी बस्ती, तिफरा निवासी, राजीव गांधी चौक के पास इडली-डोसा ठेला संचालक हर्ष धनकर के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान भारतीय नगर मिनी बस्ती एवं तालापारा क्षेत्र के कुछ युवक वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हर्ष धनकर के साथ लाठी, डंडे, लोहे की रॉड सहित अन्य वस्तुओं से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे रितेश साहू के साथ भी मारपीट की गई। घटना में घायल हर्ष धनकर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1507/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 नवंबर को तीन आरोपियों ऋषभ राज कोसले, राहुल चतुर्वेदी एवं सारिक अली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
घटना में शामिल चौथा आरोपी फरहान खान (20 वर्ष), पिता फैज मोहम्मद, निवासी भारतीय नगर, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पहुंचा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
ब्यूरो रिपोर्ट



rajuji