*हत्या के मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार : वर्ष 2005 में हुए हत्या के मामले में जमानत मिलने के बाद से था फरार*

*हत्या के मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार : वर्ष 2005 में हुए हत्या के मामले में जमानत मिलने के बाद से था फरार*

बिलासपुर। हत्या के मामले में सजा मिलने के बाद शेष सजा  से बचने के लिए फरार आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। न्यायालय में आरोपी को पेश किया गया जहां से उसे न्यायालय के आदेश पर बाकी सजा के लिए केंद्रीय जेल बिलासपुर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2005 में हुए हत्या के मामले में आरोपी गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी जमानत पर रिहा हुआ था। मामले में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा दंडित किए जाने के बाद आरोपी शेष सजा भुगतने से बचने के लिए अपने निवास से फरार हो गया था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी किया गया था, जिसे उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 25 नवंबर 2026 को आरोपी के अपने निवास पर मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ शिवदयाल सूर्यवंशी, पिता गजानंद सूर्यवंशी, उम्र 45 वर्ष, निवासी बेदू गैरेज के पास, चंदेला नगर, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे शेष सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल बिलासपुर दाखिल कराया गया।

ब्यूरो रिपोर्ट