*घर में घुसकर महिला से मारपीट, डायल 112 पर कुल्हाड़ी से हमला कर वाहन में तोड़फोड़, आरोपी गिरफ्तार*
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के नगोई में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और पुलिस के डायल 112 वाहन पर हमला करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है आरोपी के कब्जे से फावड़ा और कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है।
सरकंडा थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम नगोई मेन रोड स्कूल चौक निवासी नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोसी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए जबरन घर में घुस गया। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और महिला के साथ हाथ-मुक्के व थप्पड़ से मारपीट की। आरोपी ने घर में रखे फावड़े से दरवाजे में तोड़फोड़ की और महिला को मारने के लिए दौड़ाया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा। वाहन में आरक्षक 497 मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक तैनात थे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराने और आरोपी को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी और उग्र हो गया।
आरोपी घर के अंदर जाकर कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया और पुलिसकर्मियों को मारने के लिए दौड़ाया। इस दौरान उसने डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के कांच पर कुल्हाड़ी से हमला कर तोड़फोड़ की, जिससे शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा भी उत्पन्न की।
आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग अपराध दर्ज-
महिला की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1718/2026 के तहत धारा 333, 119(1), 296, 115(2), 351(3), 324(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
वहीं डायल 112 के आरक्षक मनीराम साहू की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1719/2026 के तहत धारा 221, 132, 296, 351(3) बीएनएस तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची जहां साक्ष्य के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त कर ली।
आदतन बदमाश है आरोपी-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी (28 वर्ष), पिता ईश्वर महेश्वरी, निवासी ग्राम नगोई, स्कूल चौक, थाना सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। मामले की गंभीरता और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज जेल भेजा गया हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट



rajuji