*बड़ी ख़बर : बाल संप्रेषण गृह में चौकीदार की हत्या का दूसरा आरोपी बिहार से गिरफ्तार, पुलिस के दावा जल्द पकड़े जाएंगे बाकी आरोपी*
बिलासपुर। बाल संप्रेषण गृह में हुए चौकीदार के मर्डर का दूसरा आरोपी (बिहार ) पटना से गिरफ्तार। आपको बता दे सरकंडा नूतन चौक स्थित बाल संप्रेषण गृह में 12 जुलाई की रात चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर दी गई थी, चौकीदार की हत्या कर चार आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद आला अफसरों की टीम मौके पर पहुंची, सरकंडा थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने एक विशेष टीम गठित की थी और अलग अलग प्रदेश और जिले में सर्च आपरेशन करने निर्देश दिए थे। बिलासपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कोरबा,रायगढ़,उत्तर प्रदेश मध्यप्रदेश, बिहार में दबिश दी जहां बीते दिन एक किशोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने नरेंद्र खांडे मर्डर के मामले में फरार एक अन्य आरोपी को बिहार पटना से गिरफ्तार किया है।
अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी,अन्य आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी मामले में विशेष टीम अपना काम कर रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा मामले में भड़काने वाले पर होगी कार्रवाई
आपको बता दें कि 12 जुलाई को बाल संप्रेषण गृह के चौकीदार तखतपुर क्षेत्र निवासी नरेंद्र खांडे की हत्या कर दी गई जिसके बाद आरोपी फरार हो गए थे जिसमें मृतक के परिजन सहित समाज के लोग धरने पर बैठ गए, परिजन की मांग है एक करोड रुपए मुआवजा और घर के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। उधर पुलिस प्रशासन लगातार परिजनों और धरने पर बैठे समाज के लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइस दे रही है और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और धरना समाप्त करने अपील कर रही है।
आज बिलासपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहां
बीते दिनों हुए बाल संप्रेषण गृह में में मृतक नरेंद्र खांडे की हत्या उपरांत कुछ तथाकथित युवाओं द्वारा मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें ऐसे आश्वासन एवं मांगों के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिनका विधिक प्रावधानों में कोई आधार नहीं है। प्रशासन द्वारा घटना के दिन से ही शासन के प्रावधानों के अनुरूप देय सहायता एवं मुआवजा संबंधी समस्त जानकारी मृतक के परिवार को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इसके बावजूद तथाकथित कुछ युवाओं द्वारा प्रत्यक्ष ओर पर्दे के पीछे से मृतक के परिजनों को अपनी बातों में बरगला कर लगातार धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे अव्यावहारिक मांगों के लिए बरगलाने वालों ,न्यूसेंस करने वालो के बारे में जानकारी व साक्ष्य इकट्टा की जा रही है जो पूर्व में ही कई गंभीर अपराधों के आरोपी हैं और जमानत पर हैं ऐसे समस्त लोगों की जानकारी इकट्ठा करके उनका जमानत कैंसिल करने हेतु आवेदन संबंधित न्यायालय में प्रेषित कर सख़्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा लगातार मृतक के परिजनों तथा धरनास्थल पर उपस्थित लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा धरना समाप्त करने के संबंध में समझाइश दी जा रही है।
दिनांक 18 जुलाई 2026 को मृतक की पत्नी की तबीयत खराब होने पर अनुभागीय अधिकारी (राजस्व), बिलासपुर के आदेशानुसार उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकीय परीक्षण में स्वास्थ्य ठीक नहीं पाए जाने पर उन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई। प्रारंभिक अनिच्छा व्यक्त किए जाने पर तहसीलदार एवं थाना प्रभारी सरकण्डा द्वारा लगातार समझाइश दी गई, जिसके पश्चात उन्हें देर रात्रि सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में उपचार हेतु भर्ती कराया गया।
बिलासपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन घटना के प्रथम दिन से ही मृतक के परिवार के प्रति पूर्ण सहानुभूति एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। साथ ही, इस जघन्य घटना में संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट


