*कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

*कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

मुंगेली । शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में चल रहे धान खरीदी के वस्तुस्थिति के संबंध में कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित कमाण्ड सेंटर में गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जिले के उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी एवं उठाव की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 32 लाख 75 हजार 184 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। जिसमें 24 लाख 93 हजार 799 क्विंटल मोटा, 06 हजार क्विंटल पतला और 07 लाख 75 हजार 346 क्विंटल सरना शामिल है। उपार्जन केन्द्रों से 20 लाख 80 हजार 885 क्विंटल धान का उठाव मिलर्स द्वारा किया जा चुका है। वहीं 30 लाख 48 हजार 706 क्विंटल धान के लिए डी. ओ. जारी किया गया है।
           कलेक्टर ने धान के उठाव में और तेजी लाने, प्रतिदिन धान खरीदी एवं उठाव की जानकारी उपलब्ध कराने और संबंधित अधिकारियों को नियमित मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता का कार्य है। इस दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रकबा समर्पण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने, राजस्व अधिकारियों और मंडी निरीक्षकों को धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करने तथा अवैध रूप से धान खपाने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करने, नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

*कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण, खरीदी एवं बारदाना प्रभारी को नोटिस जारी*

         कलेेक्टर  राहुल देव ने धान उपार्जन केन्द्र दाउपारा और देवरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपार्जन केन्द्र में कुल पंजीकृत किसान, कुल धान खरीदी एवं उठाव, धान की गुणवत्ता, बारदाने की उपलब्धता, टोकन व्यवस्था, बफर लिमिट, उठाव हेतु शेष धान की मात्रा एवं जारी डी. ओ. आदि के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी के दौरान लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर दोनों केन्द्रों के धान खरीदी प्रभारी और बारदाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों में बफर लिमिट से ज्यादा धान का शीघ्र उठाव और बारदाने की व्यवस्थित स्टेकिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय करने पहुंचे किसानों को किसी भी प्रकार से परेशानी नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने किसानों से भी चर्चा की और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।