पथरिया सहित क्षेत्र मे हर्षोल्लास से मना रंगो का पर्व होली, पुलिस रही मुस्तैद

पथरिया सहित क्षेत्र मे हर्षोल्लास से मना रंगो का पर्व होली, पुलिस रही मुस्तैद

पथरिया। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस वर्ष 3 मार्च को भद्रा एवं चंद्र ग्रहण का संयोग होने के कारण 2 मार्च की रात्रि में निर्धारित शुभ मुहूर्त पर होलिका दहन किया गया, जबकि रंगों की होली 4 मार्च, बुधवार को खेली गई।
बुधवार सुबह से ही नगर और गांवों में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मोहल्लों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। स्नेह के रंग में सराबोर लोग अपनों के घर पहुंचकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।
बच्चों की टोलियां हाथों में पिचकारी और रंगों से भरे गुब्बारे लेकर नगर भर में मस्ती करती दिखीं। वहीं परिवारों में महिलाओं और पुरुषों ने भी पारंपरिक तरीके से होली खेलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा नृत्य करते और होली गीतों पर झूमते दिखाई दिए।
पुलिस रही मुस्तैद
होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के चलते नगर मे किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
इस प्रकार पूरे नगर में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के वातावरण में होली का पर्व शांति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।