मुंगेली पुलिस की तत्परता: हत्या के प्रयास और लूट के तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

मुंगेली पुलिस की तत्परता: हत्या के प्रयास और लूट के तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

मुंगेली, -
रास्ता रोककर हत्या का प्रयास कर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपियों को मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

घटना का विवरण

प्रार्थी ताम्रज सिंह (21 वर्ष), निवासी झाफल थाना लोरमी, ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 02 मार्च 2026 की सुबह करीब 4:15 बजे वह रायपुर जाने के लिए निकला था। मुंगेली-लोरमी तिराहा से पहले तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया।

आरोपियों ने उसका कॉलर पकड़कर गले में काली डोरी में पहना हुआ “ऊं” लिखा सोने का लॉकेट लूट लिया। विरोध करने पर पत्थर से मोटरसाइकिल की हेडलाइट तोड़ दी, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया। एक आरोपी घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहा था। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 109(1), 309(4), 126(2), 324(4), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

त्रिनयन एप्लिकेशन से मिली सफलता

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल व थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा तैयार “त्रिनयन एप्लिकेशन” में दर्ज सीसीटीवी कैमरों की सहायता से घटना स्थल के आसपास लगे कैमरों की जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. आशीष शिवारे (29 वर्ष), निवासी केशवपुर मुंगेली

2. यशवंत रावते (27 वर्ष), निवासी केशवपुर मुंगेली

3. देवेश सोनी (24 वर्ष), निवासी महामाई वार्ड सोनारपारा मुंगेली



पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा “ऊं” लिखा सोने का लॉकेट बरामद किया गया।

तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।

होली पर्व पर पुलिस की अपील

होली त्यौहार के मद्देनजर मुंगेली पुलिस ने आमजन से शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित त्योहार मनाने की अपील की है। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित पुलिस टीम के अधिकारियों व जवानों की सराहनीय भूमिका रही।