होली पर खुठेरा मोड़ में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत
पथरिया – थाना क्षेत्र के ग्राम खुठेरा मुख्य मार्ग पर होली पर्व के दिन बुधवार को सुबह लगभग 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पथरिया थाना प्रभारी गिरजा शंकर यादव से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गंगद्वारी निवासी नितेश कुमार राजपूत (24 वर्ष), पिता बरातू राजपूत, अपने साथी के साथ अपनी बहन के यहां किसी कार्य से ग्राम खुठेरा गया हुआ था। वहां से वापस अपने गांव लौटते समय खुठेरा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इधर होली के मौके पर हुई इस दुखद घटना से मृतक नितेश के परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।



