*छठ महापर्व, पवित्र सिंदूर और महिलाओं को लेकर कॉमेडियन की कथित अशोभनीय टिप्पणी : सड़कों पर उतरा समाज, कॉमेडियन के खिलाफ थाने पहुंचे समाज के लोग*
बिलासपुर। छठ महापर्व, पवित्र सिंदूर और महिलाओं को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित अशोभनीय टिप्पणी ने न्यायधानी बिलासपुर में आस्था का बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। टिप्पणी के विरोध में पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने कड़ा आक्रोश जताया। बड़ी संख्या में लोग सिविल लाइन थाने और पुलिस कार्यालय पहुंचे तथा तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
स्टैंडअप कॉमेडियन के द्वारा लोक आस्था के महापर्व छठ, पवित्र सिंदूर और महिलाओं के विरुद्ध की गई अश्लील, घृणित और अमर्यादित टिप्पणी केवल एक बयान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और मातृशक्ति पर सुनियोजित प्रहार है।

बिलासपुर में छठ महापर्व की विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता है। यहां छठ माता के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। शहर में एशिया का सबसे बड़ा स्थायी छठ घाट भी स्थित है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु सूर्योपासना के इस महापर्व में शामिल होते हैं। ऐसे में छठ पूजा, पवित्र सिंदूर और महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने शहर के लोगों को भीतर तक आहत किया है। इसी मामले को लेकर छठ पूजा समिति बिलासपुर ने मोर्चा खोलते हुए थाना प्रभारी सिविल लाइन और एडिशनल एसपी शहर को आवेदन सौंपकर कॉमेडियन के खिलाफ तत्काल अपराध दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। समिति का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक आस्था, क्षेत्रीय अस्मिता और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने की छूट नहीं दी जा सकती। विरोध प्रदर्शन में पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच बिलासपुर, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मामला केवल एक पर्व या समुदाय तक सीमित नहीं है, महिलाओं के सम्मान और सांस्कृतिक मर्यादा से जुड़ा है। संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
आखिर कौन हैं कॉमेडियन,जिसने खड़ा किया देशव्यापी विवाद -
यश माहेश्वरी राजस्थान के जयपुर निवासी स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वे दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय हैं और 'अलमोस्ट यश' नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं। विवाद की शुरुआत उनके स्टैंडअप शो से हुई, जिसका वीडियो 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड किया गया। इसमें उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं के नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा पर अश्लील टिप्पणी की। सिंदूर की लंबाई की तुलना पुरुषों के निजी अंग से करने और बिहार की महिलाओं को लेकर किए गए दूसरे विवादित मजाक के अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। विरोध बढ़ने पर उन्होंने वीडियो जारी कर सार्वजनिक माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। इसके बावजूद मामला थमा नहीं। 24 नवंबर को पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। 26 नवंबर को दिल्ली के साकेत थाने में भी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इसी कड़ी में बिलासपुर में भी मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वाले में - छठ पूजा समिति के अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा,दिलीप चौधरी,कुमुद रंजन सिंह,प्रशांत सिंह,राजीव गिरी,राजीव कुमार, सी एम सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा,पंकज सिंह,विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह , जटाशंकर झा, ऋषि सिंह सहित बड़े संख्या में नगरवासी एवं छठ पूजा समिति के पदाधिकारी सदस्यगण उपस्थित रहें।



rajuji