*सिम्स के सामने अजीबोगरीब नाली निर्माण! निगम ने खींची पार्किंग की पीली लाइन, अब बाइक खड़ी करने की भी जगह नहीं*

*सिम्स के सामने अजीबोगरीब नाली निर्माण! निगम ने खींची पार्किंग की पीली लाइन, अब बाइक खड़ी करने की भी जगह नहीं*

बिलासपुर। शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में शामिल सिम्स अस्पताल के सामने की सड़क पर हुए नाली निर्माण ने नगर निगम और संबंधित निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिम्स गार्डन की ओर स्थित अस्पताल के प्रवेश द्वार, प्रेस क्लब, वेंकटेश मंदिर और व्यावसायिक दुकानों के सामने सड़क किनारे नाली का निर्माण लगभग एक फीट ऊंचा कर दिया गया है। इससे यहां वर्षों से उपयोग में आ रही पार्किंग व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

निगम ने पार्किंग के लिए खींची पीली लाइन, फिर पार्किंग की जगह ही क्यों खत्म कर दी?

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि सड़क पर नगर निगम द्वारा पार्किंग की सीमा निर्धारित करने के लिए खींची गई पीली लाइन भी दिखाई दे रही है। लेकिन नाली निर्माण के बाद इस पीली लाइन और ऊंचे कंक्रीट ढांचे के बीच इतनी कम जगह बची है कि वहां एक मोटरसाइकिल तक ठीक से खड़ी करना मुश्किल नजर आ रहा है। सवाल यह उठता है कि जब प्रशासन ने खुद पीली लाइन खींचकर पार्किंग की सीमा निर्धारित की थी, तो फिर ऐसा निर्माण क्यों कराया गया जिससे उसी पार्किंग का उपयोग करना मुश्किल हो गया? क्या निर्माण से पहले सड़क की चौड़ाई, पार्किंग की आवश्यकता और यातायात व्यवस्था का आकलन नहीं किया गया?

दिनभर खड़ी रहती हैं कारें और बाइक, अब सड़क पर लगेगा जाम?

यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। यहां सिम्स अस्पताल के गार्डन की ओर स्थित प्रवेश द्वार, प्रेस क्लब, वेंकटेश मंदिर और आसपास की व्यावसायिक दुकानों के कारण दिनभर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग होती रही है। जब निर्धारित पार्किंग स्थल ही संकरा हो गया है, तो वाहन आखिर कहां खड़े होंगे। यदि वाहन चालक मजबूरी में पीली लाइन के बाहर मुख्य सड़क पर अपनी बाइक और कार खड़ी करेंगे, तो सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम होगी। इससे यातायात बाधित होने और जाम लगने की आशंका बढ़ सकती है।

ट्रैफिक पुलिस के सामने भी खड़ी होगी नई चुनौती

एक तरफ यातायात पुलिस शहर की सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग रोकने और यातायात सुचारु रखने का प्रयास करती है, वहीं दूसरी तरफ इस प्रकार का निर्माण नई समस्या पैदा कर सकता है। यदि पार्किंग की निर्धारित जगह ही समाप्त हो जाएगी, तो वाहन चालक सड़क पर गाड़ियां खड़ी करने को मजबूर होंगे।ऐसी स्थिति में सवाल यह भी उठेगा कि ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई किस पर करेगी,उन वाहन चालकों पर, जिनके लिए पार्किंग की जगह ही नहीं बची, या उस व्यवस्था पर जिसने पार्किंग को अनुपयोगी बना दिया।

सड़क से एक फीट ऊंची नाली, बिना रैंप कैसे चढ़ेंगी कार और बाइक

मौके की तस्वीरों में नाली के ऊपर बने कंक्रीट ढांचे और सड़क के स्तर में काफी अंतर दिखाई देता है। लगभग एक फीट ऊंचे निर्माण पर बिना उचित रैंप के बाइक और कार चढ़ाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में पार्किंग की जगह होने के बावजूद वाहन चालक उसका उपयोग कैसे करेंगे?

पीडब्ल्यूडी या नगर निगम, किसने बनाई ऐसी योजना?

नाली निर्माण किस विभाग या एजेंसी ने कराया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। लेकिन संबंधित विभाग को इन सवालों का जवाब देना चाहिए:

1. जब सड़क पर पार्किंग की पीली लाइन पहले से निर्धारित थी, तो निर्माण के दौरान पार्किंग की जगह क्यों नहीं छोड़ी गई?
2. नाली को सड़क से लगभग एक फीट ऊंचा बनाने का तकनीकी औचित्य क्या है?
3. क्या निर्माण से पहले ट्रैफिक पुलिस से पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर राय ली गई थी?
4. सिम्स अस्पताल, प्रेस क्लब, मंदिर और दुकानों के सामने आने वाले वाहन अब कहां पार्क होंगे?
5. यदि वाहन पीली लाइन के बाहर खड़े होने से सड़क पर जाम लगता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
6. क्या संबंधित विभाग निर्माण की समीक्षा कर पार्किंग के लिए व्यावहारिक समाधान निकालेगा?

विकास के नाम पर सुविधा खत्म करना कहां तक उचित?

नाली निर्माण शहर की जल निकासी व्यवस्था के लिए आवश्यक हो सकता है, लेकिन विकास कार्यों की योजना बनाते समय आम नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।जिस सड़क पर प्रशासन ने स्वयं पीली लाइन खींचकर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की हो, उसी जगह ऐसा निर्माण करना कि बाइक खड़ी करने की भी जगह न बचे, आखिर किस तरह की योजना है?यह सवाल केवल पार्किंग का नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय और निर्माण कार्यों की व्यावहारिकता का भी है। अब देखना होगा कि नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। क्या पार्किंग की व्यवस्था बहाल होगी या वाहन चालकों को मुख्य सड़क पर गाड़ियां खड़ी करने और ट्रैफिक पुलिस को जाम से जूझने के लिए छोड़ दिया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट