*वोट बचाव देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की महारैली : सकलेन कामदार को मिली निगरानी समिति की अहम जिम्मेदारी*

*वोट बचाव देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की महारैली : सकलेन कामदार को मिली निगरानी समिति की अहम जिम्मेदारी*

रायपुर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत आगामी 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली की तैयारियों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सकलेन कामदार को प्रदेशस्तरीय समन्वय एवं निगरानी समिति में शामिल कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू द्वारा 24 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में समिति के सदस्यों की सूची घोषित की गई है। इस समिति का प्रमुख दायित्व महारैली में छत्तीसगढ़ से शामिल होने वाले नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा रैली की तैयारियों की सतत निगरानी करना है।

प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की जिम्मेदारी

जारी पत्र के माध्यम से जिला, शहर, नगर, ब्लॉक एवं मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों सहित वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों तथा कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों से समिति के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया गया है। इसका उद्देश्य महारैली में छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा करना है।

संगठन में सकलेन कामदार की भूमिका को मिली अहमियत

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सकलेन कामदार को समन्वय एवं निगरानी समिति में शामिल किया जाना संगठन के भीतर उनकी जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महारैली की तैयारियों के दौरान प्रदेशभर के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल स्थापित करने में समिति की भूमिका अहम होगी।