*समाधान समारोह 2026: आपसी सहमति से होगा न्याय, सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों के लिए विशेष लोक अदालत 21 से 23 अगस्त तक*
मुंगेली। न्याय को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारत के सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा समाधान समारोह 2026 (विशेष लोक अदालत) का आयोजन किया जा रहा है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से त्वरित और सौहार्दपूर्ण निराकरण करना है। समाधान समारोह की प्रक्रिया 21 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है। इसके अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त को सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जिसमें सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।
विशेष लोक अदालत से पूर्व राज्य, उच्च न्यायालय, जिला एवं तालुका विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग करेंगे। पक्षकार इन बैठकों में सशरीर अथवा ऑनलाइन (आभासी माध्यम) से भी शामिल हो सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि समाधान समारोह का मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सहज, त्वरित और जनहितकारी बनाना है, ताकि वर्षों से लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान हो सके और न्यायालयों पर लंबित प्रकरणों का भार भी कम हो।
अपने मामले को समाधान समारोह 2026 में शामिल कराने के इच्छुक पक्षकारों को सर्वाेच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा स्थापित वन-स्टॉप सेंटर (वार रूम) के सम्पर्क नम्बर 011-23112428, 011-23112528 तथा सी.पी.आर. निदेशक का सम्पर्क नम्बर 011-23115652 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त 011-23116465, 011-23116464 के साथ ईमेल पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ब्यूरो रिपोर्ट


