*छत्तीसगढ़ में GST विभाग की महिला अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की दबिश पड़ते ही नाली में फेंके नोटों के बंडल: कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के बदले मांगे थे ₹1.50 लाख, बिचौलिया भी पकड़ाया*
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम नाली में फेंके जाने और वहां से नोटों के बंडल बरामद होने की बात भी सामने आई है।
गाड़ी छोड़ने के बदले मांगी रिश्वत
मामले की शुरुआत 18 नवंबर को हुई, जब स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज का वाहन ई-वे बिल से जुड़े मामले में रोक लिया गया था। कारोबारी का आरोप है कि वाहन के दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद उस पर कार्रवाई का दबाव बनाया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार, पहले भारी पेनाल्टी की बात कही गई और बाद में वाहन छोड़ने तथा मामले में राहत देने के बदले रिश्वत की मांग की गई।
कारोबारी ने ACB से की शिकायत
रिश्वत देने के बजाय कारोबारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद जगदलपुर ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।शनिवार, 21 नवंबर को तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम पहुंचाई गई। इसके बाद ACB की टीम ने अधिकारी के निवास पर दबिश दी।
छापे के दौरान नाली में फेंके नोट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ACB की टीम के पहुंचते ही रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी गई। हालांकि टीम ने नोटों के बंडल बरामद कर लिए। इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त अंचला गिरी के साथ कथित मध्यस्थ इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी के घर दस्तावेजों और संपत्ति की जांच
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने अधिकारी के निवास पर तलाशी शुरू की। जांच के दौरान संपत्ति और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट



rajuji