छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को: 5 केंद्रों पर 1,603 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को: 5 केंद्रों पर 1,603 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

मुंगेली। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को जिले में किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में कुल 05 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,603 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों में डॉ. ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय एसएनजी महाविद्यालय, बी.आर. साव शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नगर पालिका तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला शामिल हैं।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की समुचित व्यवस्था और निगरानी के विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच तथा शारीरिक तलाशी ली जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में कम से कम दो घंटे पूर्व पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि प्रवेश पत्र एवं मूल पहचान पत्र की जांच समय पर हो सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
अभ्यर्थी केवल प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र, काले या नीले रंग का बॉलपॉइंट पेन तथा पारदर्शी पानी की बोतल ही साथ ला सकेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैल्कुलेटर, किसी भी प्रकार की घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोटे सोल या ऊंची हील के जूते सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूर्णतः वर्जित रहेगी। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, उन्हें दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनकर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके