अतिक्रमण पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई: कलेक्टर के निरीक्षण में एक दुकान सील
मुंगेली। जिले में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान तेज कर दिया है। पूर्व में व्यापारियों को समझाइश देने के बाद अब प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय के पड़ाव चौक से पंडरिया रोड तक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर स्वामित्व सीमा से बाहर रखे गए सामान को लेकर दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई और व्यापारिक सामग्री दुकान के भीतर रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में पाया गया कि कई दुकानदारों ने सड़क के हिस्से पर कब्जा कर रखा है, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नियमों की अनदेखी एवं बार-बार समझाइश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर एक दुकान को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इस दौरान एसडीएम अजय शतरंज तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरीलाल सिंह ठाकुर सहित राजस्व एवं नगर पालिका के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराते हुए भविष्य में नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि मुंगेली शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।



