छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल हाईस्कूल परीक्षा शुरू: 10,673 परीक्षार्थी शामिल, कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल हाईस्कूल परीक्षा शुरू: 10,673 परीक्षार्थी शामिल, कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

मुंगेली, - 
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल (दसवीं) बोर्ड परीक्षा आज से प्रारंभ हो गई। जिले में कुल 10 हजार 673 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 350 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

इसी क्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित बी.आर. साव स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण, पर्यवेक्षकों की तैनाती एवं सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नकल प्रकरण को लेकर शिक्षकों एवं केंद्राध्यक्ष को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने परीक्षा केंद्र में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें तनावमुक्त होकर परीक्षा देने की सलाह दी।

इस दौरान एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।