कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा का शुभारंभ, 5,901 विद्यार्थियों ने दी भौतिक शास्त्र व भूगोल की परीक्षा
मुंगेली - छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 का जिले में शांतिपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन भौतिक शास्त्र एवं भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 5,901 विद्यार्थियों ने भाग लिया। 162 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि नकल प्रकरण शून्य रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भौतिक शास्त्र विषय में 3,011 तथा भूगोल विषय में 2,890 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर नकल रोकथाम एवं निगरानी के लिए जिला स्तर पर पांच निरीक्षण दलों का गठन किया गया है। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारियों—मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया—को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी परीक्षाएं भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएंगी



