बिलासपुर में ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी, कलेक्ट्रेट के सामने बेतरतीब पार्किंग से बढ़ रही परेशानी
बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों अस्त-व्यस्त नजर आ रही है। कलेक्ट्रेट के सामने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े चारपहिया वाहनों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। रोजाना सैकड़ों लोग कलेक्टर कार्यालय और जिला न्यायालय पहुंचते हैं, ऐसे में इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है।
करोड़ों की मल्टीलेवल पार्किंग, फिर भी सड़क पर वाहन
कलेक्ट्रेट के पास करोड़ों रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग में खड़ी करने के बजाय सड़क किनारे ही पार्क कर रहे हैं। इससे सड़क पर जगह कम हो रही है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शेफर्ड स्कूल चौक से नेहरू चौक तक जाम
शेफर्ड स्कूल चौक से नेहरू चौक तक अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। बेतरतीब पार्किंग के चलते सड़क पर यातायात बाधित होता है और वाहन चालकों को निकलने में काफी परेशानी होती है। इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिम्मेदार विभागों को ध्यान देने की जरूरत है।
ट्रैफिक पुलिस की सख्ती जरूरी
सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग रोकने के लिए यातायात पुलिस को नियमित रूप से चालानी कार्रवाई करनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती बरतने के साथ जरूरत पड़ने पर लॉक लगाकर कार्रवाई की जाए, ताकि लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में खड़े करने के प्रति गंभीर हों। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क पर पार्किंग करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए इसके साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करना जरूरी है इससे आम लोगों को राहत मिलेगी और सड़क पर जाम की स्थिति कम होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट



rajuji