*एडीएम ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन और राजस्व के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश, समय-सीमा की बैठक आयोजित*

*एडीएम ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन और राजस्व के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश, समय-सीमा की बैठक आयोजित*

मुंगेली।  जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।
      समीक्षा के दौरान राजस्व प्रकरणों, पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सेवा-सेतु पोर्टल तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। अतिरिक्त कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टेक एवं किसान पंजीयन कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों एवं सहकारी समितियों में सीएससी ऑपरेटरों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर लक्षित प्रगति प्राप्त करने पर जोर दिया। बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही बैठक में महतारी वंदन योजना, सीएम जनदर्शन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। 
     एडीएम ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मिले। इसके लिए सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट