*न्यायलय परिसर में हंगामा करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोप को पुलिस ने किया गिरफ्तार*
बिलासपुर। न्यायालय परिसर में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले आरोपी अमृतदास डहरिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार 15 नवंबर 2025 को थाना तखतपुर के एक अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े प्रकरण के आरोपी को विशेष न्यायालय (एट्रोसिटी) बिलासपुर में पेश किया गया था। इसी दौरान आरोपी अमृतदास डहरिया अपने साथियों के साथ न्यायालय परिसर पहुंचा और आरोपी के समर्थन में हंगामा शुरू कर दिया, आरोप है कि हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई एवं अभद्र व्यवहार एवं अश्लील गाली-गलौज की गई।
आरोपी को छुड़ाने की मांग करते हुए जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई जिससे शासकीय एवं न्यायालयीन कार्य प्रभावित हुआ। घटना की लिखित शिकायत के बाद थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 221, 132, 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के बाद मुख्य आरोपी अमृतदास डहरिया, निवासी बेलसरी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय परिसर में कानून-व्यवस्था भंग करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस से अभद्रता करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट


