*बिलासपुर में गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी का खुलासा, विनोद गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ता के नाम पर 10 बार डिलीवरी दिखाकर हजारों की गड़बड़ी का आरोप*

*बिलासपुर में गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी का खुलासा, विनोद गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ता के नाम पर 10 बार डिलीवरी दिखाकर हजारों की गड़बड़ी का आरोप*

बिलासपुर । तारबाहर क्षेत्र स्थित विनोद गैस एजेंसी (भारत गैस) द्वारा गैस सिलेंडर की फर्जी डिलीवरी दर्शाकर उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में शांति विहार, लाइन नंबर 9, बिलासपुर निवासी मनीष मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों से लिखित शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

                शिकायतकर्ता मनीष मिश्रा के अनुसार उनका घरेलू गैस कनेक्शन भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (भारत गैस) में पंजीकृत है, जिसका उपभोक्ता क्रमांक 122371204 है। यह कनेक्शन विनोद गैस एजेंसी, तारबाहर (नियर अंडर ब्रिज), बिलासपुर से संबद्ध है।
               मनीष मिश्रा ने बताया कि उन्होंने दिनांक 12 मार्च 2026 को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, जिसकी बुकिंग आईडी 70274 है। किंतु आज दिनांक तक उन्हें उक्त गैस सिलेंडर की वास्तविक डिलीवरी प्राप्त नहीं हुई। जब उन्होंने कंपनी के मोबाइल एप में अपनी बुकिंग की स्थिति देखी तो उसमें दिनांक 18 मार्च 2026 को गैस सिलेंडर की डिलीवरी दर्शाई गई तथा ₹1002 (कैश ऑन डिलीवरी) भुगतान भी दिखाया गया है, जबकि उन्होंने न तो गैस सिलेंडर प्राप्त किया है और न ही किसी डिलीवरी कर्मचारी को उक्त राशि का भुगतान किया है।
             उन्होंने यह भी बताया कि उनके गैस उपभोक्ता कार्ड में अब तक केवल तीन बार गैस सिलेंडर की डिलीवरी विधिवत अंकित है, जिनकी तिथियां 12 अगस्त 2025, 03 नवंबर 2025 तथा 25 फरवरी 2026 हैं। जबकि कंपनी के मोबाइल एप में विभिन्न तिथियों में लगभग 10 बार गैस सिलेंडर की डिलीवरी दर्शाई जा रही है।
             शिकायतकर्ता का आरोप है कि गैस एजेंसी अथवा उससे जुड़े डिलीवरी कर्मचारियों द्वारा उनके नाम पर कूटरचित तरीके से फर्जी डिलीवरी दर्ज कर गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग किया गया है, जो उपभोक्ता के साथ गंभीर अनियमितता एवं धोखाधड़ी का मामला है।
            मनीष मिश्रा ने इस संबंध में दिनांक 28/03/26 को थाना तारबाहर एवं दिनांक 01/04/26 को जिला खाद्य अधिकारी बिलासपुर तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
              उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की अनियमितताओं की समय रहते जांच नहीं की गई तो अन्य उपभोक्ता भी इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। वही इस पूरे मामले की जानकारी लेने भारत गैस एजेंसी के संचालक से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

ब्यूरो रिपोर्ट