50 पाव अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

50 पाव अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

      पथरिया। थाना क्षेत्र अंतर्गत साकेत चौकी पुलिस द्वारा अवैध शराब के बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 50 पाव देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 4 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना पथरिया पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी, गुरुवार को साकेत चौकी पुलिस टीम ग्राम ककेड़ी, बदरा व उमरिया की ओर गश्त पर निकली हुई थी। इसी दौरान ग्राम चंदली चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अधिक मात्रा में शराब लेकर चंदली की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रोशन टंडन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 50 पाव देशी मदिरा शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नवल जांगड़े पिता हरबंश, निवासी ग्राम उमरिया, पुलिस चौकी साकेत, थाना पथरिया बताया। मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब जब्त की गई एवं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में साकेत चौकी प्रभारी रोशन टंडन सहित उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।