ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर सीईओ ने की समीक्षा बैठक
पथरिया - माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्वत सज्ञान लेकर दिनांक 07.11.2025 को पारित अंतरिम आदेश के अंतर्गत संस्थागत एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए जन-सुरक्षा, जन-स्वास्थ्य एवं आवारा कुत्तों के प्रभावी प्रबंधन हेतु विभिन्न निर्देश जारी किए गए हैं।
जिसके आदेश के अनुपालन में कलेक्टर मुंगेली कुंदन कुमार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुंगेली प्रभाकर पाण्डेय के निर्देशानुसार दिनांक 13 दिसंबर शनिवार को जनपद पंचायत पथरिया के मंगल भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद सीईओ प्रदीप प्रधान द्वारा की गई।
बैठक में डॉ. आर. एम. त्रिपाठी, उपसंचालक, पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर शीलमणि पाण्डेय, विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी एवं कमलेश मिश्रा, जिला अंकेक्षक द्वारा सभी पंचायत सचिवों तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के प्रभावी, समन्वित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों से संबंधित व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना, जन-सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना रहा।



