ग्राम कुकुसदा में मनीयारी बेराज मुआवजा दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग
मुंगेली, -
मुंगेली जिले के ग्राम कुकुसदा एवं आश्रित ग्राम पडरिया झाप,घटोलीपारा के ग्रामीणों ने मनयारी बेराज (डुबान) मुआवजा राशि दिलाने के नाम पर दलाल द्वारा किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन के अनुसार, एक वयक्ति किसानों के घर-घर जाकर स्वयं को कलेक्टर के आदेश पर कार्यरत बताते हुए मुआवजा दिलाने का भरोसा दे रहे हैं। शिकायत में उल्लेख है कि संबंधित व्यक्ति किसानों से 20 प्रतिशत राशि की मांग कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी 40 से 50 प्रतिशत तक राशि लेने की बात सामने आई थी और अब 20 प्रतिशत देने का दबाव बनाया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि राशि नहीं देने पर मुआवजा नहीं मिलेगा।
आवेदन में एक व्यक्ति का नाम गीताराम साहू एवं दूसरे का नाम सरीता भारद्वाज ( भाजपा नेता अंकित किया गया है)एवं मोबाइल नंबर भी उल्लेखित किया गया है, जो बार-बार गांव में आकर किसानों से संपर्क कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से किसान भय और असमंजस की स्थिति में हैं।
मामले की जानकारी ग्राम पंचायत कुकुसदा के सरपंच जनक राम साहू को भी दी गई है। शिकायत पत्र पर बहोरन ध्रुव, राजा राम गोंड, ललित मरकाम, दशरथ जायसवाल, गायत्री देवी गोंड सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा किसानों को बिना किसी बिचौलिये के पारदर्शी ढंग से मुआवजा राशि दिलाने की मांग की है।
इस सम्बंध में गीताराम साहु और सरिता भारद्वाज से बात कर पक्ष लिया गया तो उन्होंने इस आरोप को बेबुनियाद और निराधार बताया ।



