शादी समारोह में आया युवक संदिग्ध हालात में मृत मिला, पेड़ से लटका मिला शव

शादी समारोह में आया युवक संदिग्ध हालात में मृत मिला, पेड़ से लटका मिला शव

पथरिया - पथरिया थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नरेश राजपूत (पिता – हीरण राजपूत), निवासी ग्राम बेलटुकरी, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार नरेश राजपूत दो दिन पहले अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होने ग्राम किरना (थाना पथरिया) आया था। रविवार को ग्राम सोढ़ी मराठी स्थित बन्दवा तालाब के पास बबूल के पेड़ में उसका शव गमछे के सहारे लटका हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पथरिया थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पथरिया भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर है और क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।