*जनदर्शन: 120 प्लस आवेदन प्राप्त हुए, एडीएम ने नियमानुसार निराकरण के दिए निर्देश

*जनदर्शन: 120 प्लस आवेदन प्राप्त हुए, एडीएम ने नियमानुसार निराकरण के दिए निर्देश

मुंगेली। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी विभिन्न मांगें एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने जनसुनवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान कुल 120 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आधार कार्ड निर्माण, शौचालय निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, नाम त्रुटि सुधार, फौती उठाने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित प्रकरण शामिल थे। 
      ग्राम भालापुर, गोरखपुर, टेमरी, सेमरिया, पालचुवा, पदमपुर, झुलनाखुर्द और खैरवार सहित विभिन्न ग्रामों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। विशेष रूप से स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने की मांग भी सामने आई। अतिरिक्त कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी और न्यायोचित समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस दौरान मुंगेली एसडीएम  अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।