मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोनिका ज्वेलर्स में हुई चोरी का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार
मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने शहर के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 305(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
प्रार्थी सतीश कुमार सोनी (58 वर्ष), निवासी बलानी चौक मुंगेली ने 11 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2026 की दोपहर लगभग 2 बजे एक युवक सोने का मंगलसूत्र पेंडल खरीदने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल चोरी कर फरार हो गया। पेंडल की अनुमानित कीमत लगभग 85,000 रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान दुकान और नगर के हाईटेक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
फुटेज में दो संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की ब्लैक-रेड मोटरसाइकिल के साथ नजर आए। एक युवक बाइक पर बाहर बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान में घुसकर चोरी कर फरार हो गया। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम घोरबंधा थाना लोरमी निवासी श्लोक कुमार पात्रे (22 वर्ष) और विवेक कुमार पात्रे (19 वर्ष) के रूप में हुई।
दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। घटना के समय उन्होंने मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 28 एस 8197) की नंबर प्लेट निकाल दी थी। चोरी का 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल बाइक की सीट के अंदर छिपाकर रखा गया था। 15 फरवरी 2026 को चोरी का माल बेचने जाते समय दोनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नग सोने का पेंडल (कीमत लगभग ₹85,000) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹1,00,000) जब्त की है। कुल जुमला मशरूका ₹1,85,000 आंका गया है। दोनों आरोपियों को 16 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



