*पहले दिन 940 बच्चों का हुआ बायोमेट्रिक अपडेट व नया आधार कार्ड पंजीयन
मुंगेली, -मुख्य सचिव विकासशील द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय के मार्गदर्शन में जिले में ‘मोर आधार मोर पहचान’ अभियान के अंतर्गत आज से आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अद्यतन कार्य प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत आज से जिले के समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों में 05 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट शिविर लगाए जा रहे हैं। ऐसे बच्चे जिनका आधार कार्ड नहीं बना है अथवा जिनका बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनका विद्यालय स्तर पर आधार पंजीयन किया जा रहा है।
ईडीएम चिप्स सोनम तिवारी ने बताया कि आज जिले के तीनों विकासखण्डों मुंगेली, लोरमी और पथरिया के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट शिविर आयोजन किया गया। शिविर में 940 से अधिक बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट और आधार कार्ड पंजीयन किए गए। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 40 हजार नए आधार कार्ड निर्माण एवं 30 हजार बायोमेट्रिक अद्यतन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी

एल.पी. डाहिरे ने बताया कि आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अद्यतन शिविरों को सुचारु, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यह कंट्रोल रूम शिविरों की निरंतर मॉनिटरिंग, विद्यालयों से प्राप्त समस्याओं के त्वरित निराकरण, तकनीकी सहयोग एवं समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में संचालित शिविरों की रियल टाइम निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सारिणी अनुसार जिम्मेदारियां सौंपकर यह सुनिश्चित किया गया है कि आधार पंजीयन की प्रक्रिया तेज, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित रहे।


