*बड़ी खबर : ACB की बड़ी कार्रवाई, कलेक्टर कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार, मुआवजा मामले मे मांगी गई थी रकम*
रायगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई रायगढ़ जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा का बाबू सर्प दंश से हुई मृत्यु के एवज़् में शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि को बैंक खाते में भुगतान कराने के एवज में 50 हजार रूपये का हस्ताक्षरित चेक लेते गिरफ्तार।
दरअसल विजय सिदार, निवासी ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर, जिला रायगढ़ द्वारा एसीबी बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि उसकी पत्नी रामकुमारी का देहांत सर्प दंश से वर्ष 2023 में हो गया था जिस पर शासन की योजना के तहत् मिलने वाली मुआवजा राशि को प्राप्त करने के लिए उसके द्वारा राजस्व विभाग में आवेदन किया गया था जो मुआवजा हेतु प्रकरण कलेक्ट्रेट कार्यालय रायगढ़ में लंबित था जिस पर मुआवजा राशि को जल्द प्राप्त करने के लिए वह कलेक्ट्रेट कार्यालय रायगढ़ के आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू राजकुमार सिदार से मिला।
बाबू राजकुमार सिदार द्वारा मुआवजा राशि को उसके बैंक खाते में डालने के एवज़् में 50,000 रुपये की मांग की जा रही है तथा मुआवजा राशि मिलने के बाद 50,000 रुपये को लाकर देने को कहा जा रहा है तथा तब तक के लिए 50,000 रुपये का हस्ताक्षरित चेक बतौर गारंटी देने को कहा जा रहा है किन्तु वह मुआवजा राशि प्राप्त करने के एवज् में बाबू राजकुमार सिदार को 50,000 रुपये राशि का चेक बतौर गारंटी नहीं देना चाहता बल्कि बाबू राजकुमार सिदार को 50,000 रुपये का चेक लेते हुए पकड़वाना चाहता है।
शिकायत सत्यापन पर सही पाये जाने से आज दिनांक 28.07.2026 को आरोपी बाबू राजकुमार सिदार, कलेक्ट्रेट कार्यालय रायगढ़ के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा को प्रार्थी से 50,000 रुपये का चेक प्राप्त करते पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसी एक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत कार्यवाही की जा रही है । रिश्वत में बिना रकम बरामदगी के रिश्वत मांगे जाने पर गारंटी के रूप में हस्ताक्षरित चेक मांग कर रिश्वतखोरी करने और पकड़े जाने का यह पहला मामला है।
ब्यूरो रिपोर्ट


