*बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, कलेक्टर ने जारी किए सख्त निर्देश, बर्ड फ्लू अलर्ट: बिलासपुर में नियंत्रण के लिए प्रशासन ने कसी कमर,संक्रमित क्षेत्र घोषित, कलेक्टर ने जारी किया कंटेनमेंट प्लान*

*बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, कलेक्टर ने जारी किए सख्त निर्देश, बर्ड फ्लू अलर्ट: बिलासपुर में नियंत्रण के लिए प्रशासन ने कसी कमर,संक्रमित क्षेत्र घोषित, कलेक्टर ने जारी किया कंटेनमेंट प्लान*

बिलासपुर।  जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) के एक मामले की पुष्टि होने के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से व्यापक नियंत्रण एवं रोकथाम के निर्देश जारी किए हैं। शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र कोनी में संक्रमण पाए जाने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।
        कलेक्टर ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जारी  रिवाइज्ड एक्शन प्लान  फॉर प्रिवेंशन एंड कॉन्टेनमेंट ऑफ  एवियन इन्फ्लूएंजा 2021 के तहत आदेश जारी कर सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले में विभागीय समन्वय स्थापित कर रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन कर दिया गया है, जो संक्रमित पक्षियों की कूलिंग (नष्ट करने), निपटान, निगरानी एवं संक्रमित क्षेत्र में कीटाणुशोधन की कार्रवाई करेंगी। संक्रमित क्षेत्र के 1 किलोमीटर के दायरे को संक्रमित जोन तथा 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा तथा कुक्कुट पक्षियों के आवागमन और विक्रय पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। राजस्व, पुलिस, नगरीय प्रशासन एवं पंचायत विभाग के समन्वय से संक्रमित क्षेत्र में कलिंग एवं डिस्पोजल की कार्यवाही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई जाएगी। साथ ही मरे हुए पक्षियों एवं अपशिष्टों का निपटान जैव सुरक्षा मानकों के तहत किया जाएगा।कुक्कुट फार्म में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य की निगरानी भी की जाएगी। लक्षण पाए जाने पर सैंपल लेकर जांच हेतु भेजा जाएगा तथा आवश्यकतानुसार एंटीवायरल दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त जिले में संबंधित समस्त विक्रय केंद्रों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों—पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, लोक निर्माण तथा पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा विभाग को प्रतिदिन की कार्यवाही की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला दंडाधिकारी ने आमजनों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्कता बरतते हुए प्रशासन का सहयोग करें।

1 किमी क्षेत्र ‘इन्फेक्टेड जोन’ और 10 किमी ‘सर्विलांस जोन’ घोषित
 जिला प्रशासन ने शासकीय कुक्कुट पालन क्षेत्र कोनी में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर के दायरे को ‘इन्फेक्टेड जोन’ तथा 10 किलोमीटर के दायरे को ‘सर्विलांस जोन’ घोषित किया गया है।
       संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर के निर्देश पर की गई जांच में एनआईएचएसएडी भोपाल द्वारा बर्ड फ्लू की पुष्टि की गई है। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से चेकपोस्ट स्थापित कर सर्विलांस जोन के भीतर और बाहर पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही, अन्य क्षेत्रों में भी पोल्ट्री मूवमेंट पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि संक्रमण के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

कलेक्टर ने की लोगो से अपील - कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपातकालीन स्थिति में जिला कंट्रोल रूम एवं संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध मामले में तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिला कंट्रोल रूम के प्रभारी डॉक्टर जीएस तंवर से मोबाइल (88278/17931) और उप प्रभारी डॉक्टर वीरेंद्र पिल्ले (94061/58769) से संपर्क किया जा सकता है।

ब्यूरो रिपोर्ट