*नगर निगम में सामान्य सभा के बीच एसीबी की रेड, संपदा शाखा के लिपिक को दस हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने पकड़ा, फाइलें गुम होने में भी आ चुका है नाम*

*नगर निगम में सामान्य सभा के बीच एसीबी की रेड, संपदा शाखा के लिपिक को दस हजार  की रिश्वत लेते एसीबी ने पकड़ा, फाइलें गुम होने में भी आ चुका है नाम*

बिलासपुर। बिलासपुर नगर पालिका निगम में एसीबी की टीम ने रेड मारी है। सामान्य सभा होने के दौरान ही नगर निगम की संपदा सखा में छापा मार कर वहां पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। सामान्य सभा के दौरान हुई इस कार्रवाई से नगर निगम में हड़कंप मच गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के सरकंडा राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपने मकान के नवीनीकरण संबंधित फाइल के संबंध में संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका से संपर्क किया था। लक्ष्मीकांत कोका ने काम के एवज में उससे दस हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं दें चाहता था इसलिए उसने एसीबी के क्षेत्रीय बिलासपुर कार्यालय में शिकायत कर दी।

शिकायत सत्यापन के पश्चात एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज जाल बिछा कर कार्यवाही की। जैसी ही निगम दफ्तर में पहुंच कर प्रार्थी ने कर्मचारी को रिश्वत दी,वैसे ही वहां पहले से तैनात एसीबी टीम ने कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को दस हजार रुपए रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। उससे रिश्वत के रूप में ली गई रकम बरामद कर ली गई है। एसीबी मामले की जांच और आरोपी से पूछताछ कर रही है।  जिसके बाद विस्तृत रूप से मामले का खुलासा किया जाएगा।

 जिस समय एसीबी की कार्यवाही हुई उस समय नगर निगम सामान्य सभा की बैठक चल रही थी।  जैसे ही छापे की जानकारी फैली अधिकारी–कर्मचारियों के साथ सामान्य सभा में मौजूद नेताओं में भी  हड़कंप मच गया। सामान्य सभा में भी इस बात की चर्चा होने लगी। बता दे कि संपदा शाखा से महत्वपूर्ण फाइलें गुम होने में भी लक्ष्मीकांत कोका का नाम सामने आ चुका है।

ब्यूरो रिपोर्ट