जिला पंचायत सीईओ का जनपद पंचायतों में औचक निरीक्षण, 76 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित
मुंगेली - जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने जिले की तीनों जनपद पंचायतों में संचालित आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण में मुंगेली जिले की तीनों जनपद पंचायतों में कुल 76 अधिकारी-कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति अथवा संतोषजनक कारण के अनुपस्थित मिले। इनमें जनपद पंचायत मुंगेली के 29, जनपद पंचायत लोरमी के 22 तथा जनपद पंचायत पथरिया के 25 अधिकारी/कर्मचारी शामिल हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित सभी 76 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
सीईओ पाण्डेय ने कहा कि शासन द्वारा लागू आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का उद्देश्य कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों की गति एवं गुणवत्ता बनाए रखने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



