ग्राम धरदेई की अनोखी पहल – गौ सेवा और सामाजिक सुधार का संगम
पथरिया - विकास खंड अंतर्गत ग्राम धरदेई ने हाल ही में समाज हित में दो महत्वपूर्ण कदम उठाकर पूरे क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है।
जिसमे पहला कदम गौ सेवा संकल्प अभियान के तहत उठाया गया, जिसमें ग्राम सरपंच, उपसरपंच, पंचगण और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से 150 निराश्रित एवं घुमंतु पशुओं को गोद लेकर नया आश्रय प्रदान किया गया। यह पहल न केवल पशु संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे ग्रामवासियों की करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय मिलता है।
साथ ही ग्राम पंचायत ने सामाजिक सुधार की दिशा में भी सराहनीय कदम बढ़ाया है। गाँव में चुटकु शराब बिचौलियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अतिरिक्त यह भी प्रावधान किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों जैसे गली, मोहल्ला या तालाब किनारे शराब पीते हुए पाया जाता है, तो उस पर ₹1000 का दंड लगाया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच त्रिवेणीसनत बरगाह ने कहा की यदि आसपास के अन्य गाँव भी निराश्रित पशुओं को गोद लेकर उनकी सेवा करेंगे, तो इससे किसानों को उत्तम नस्ल के पशु उपलब्ध होंगे और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा। वहीं नशामुक्त वातावरण से गाँव की सामाजिक और सांस्कृतिक स्थिति भी और मजबूत होगी।”
धरदेई ग्राम की यह संयुक्त पहल—पशु संरक्षण और नशा मुक्ति—आने वाले समय में निश्चित ही अन्य गाँवों के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बनेगी।



