कोठा की दीवार में सेंध मारकर 10 बकरा-बकरी चोरी, किसान परिवार में हड़कंप

कोठा की दीवार में सेंध मारकर 10 बकरा-बकरी चोरी, किसान परिवार में हड़कंप

पथरिया – थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बैजना में एक किसान परिवार के यहां बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में कोठा की दीवार में सेंध मारकर 10 नग बकरा-बकरी पार कर दिए, जिससे पीड़ित परिवार को लगभग 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बैजना निवासी महिला, जो खेती-किसानी एवं घरेलू कार्य कर अपना जीवनयापन करती है, ने बताया कि उनके पास कुल 10 नग बकरा-बकरी थे, जिनमें विभिन्न रंगों के बकरा-बकरी शामिल थे। इन सभी पशुओं की देखरेख उनके पति नेतराम साहू द्वारा की जाती थी।

बताया गया कि 10 अप्रैल 2026 को उनके पति रिश्तेदारी में ग्राम ढोठमा गए हुए थे। इसी दौरान गांव के ही भागवत जायसवाल बकरा-बकरियों को अपने पशुओं के साथ चराने ले गया था और दोपहर करीब 1 बजे सभी को वापस घर छोड़ गया। इसके बाद महिला ने शाम 5 बजे पशुओं को कोठा से निकालकर आंगन में रखा और रात करीब 8 बजे खाना खिलाकर पुनः कोठा में बांध दिया।

महिला के अनुसार रात करीब 9:30 बजे तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद वह घर के दरवाजे बंद कर सो गई। लेकिन अगली सुबह 11 अप्रैल को जब वह करीब 6 बजे उठकर कोठा में पहुंची तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। कोठा की दीवार टूटी हुई थी और अंदर बंधे सभी 10 नग बकरा-बकरी गायब थे।

आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों ने रात में दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और सभी पशुओं को चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की तलाश की जा रही है।

थाना प्रभारी पथरिया गिरजाशंकर यादव ने बताया कि “दीवार में सेंध मारकर 10 बकरा-बकरी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।