इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

पथरिया। थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए बिलासपुर निवासी पीड़िता से दोस्ती की और फिर उसे अपने गांव ले जाकर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी बिट्टू कुर्रे ने 8 अक्टूबर 2025 को मंदिर घुमाने के बहाने नाबालिग को बिलासपुर से अपने गांव  बुलाया। वहां उसने लड़की को अपने घर के एक कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे वापस घर छोड़ आया।
घटना के बाद आरोपी ने मामले की जानकारी किसी को देने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। उसने यह कहकर भी धमकाया कि उसके पास लड़की का आपत्तिजनक वीडियो है जिसे वह सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसी धमकी का फायदा उठाकर 30 जनवरी 2026 को आरोपी ने पीड़िता को दोबारा बुलाया और फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया।
लगातार शोषण और धमकियों से डरी-सहमी पीड़िता ने आखिरकार पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने पीड़िता के साथ पथरिया थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पथरिया थाना प्रभारी गिरजाशंकर यादव ने बताया कि नाबालिग की शिकायत पर तत्काल अपराध दर्ज कर लिया गया है। ग्राम डिघोरा निवासी आरोपी बिट्टू कुर्रे  को पकड़कर थाने लाया गया है और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 137, 64(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।