*अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर हुआ वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन* *वरिष्ठजनों के चेहरों की मुस्कान ही हमारी पूंजी - कलेक्टर राहुल देव

*अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर हुआ वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन*  *वरिष्ठजनों के चेहरों की मुस्कान ही हमारी पूंजी - कलेक्टर राहुल देव

मुंगेली । अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित 225 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर तथा छत्तीसगढ़ राज्यगीत के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष  लेखनी सोनू चंद्राकर ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें वरिष्ठजनों का हमेशा सम्मान करना चाहिए। हम आज जो भी हैं उनके आशीर्वाद से ही हैं। 
               कलेक्टर राहुल देव ने कहा कि वरिष्ठजन हमारे मार्गदर्शक होते हैं। हमें आगे बढ़ने में मार्ग प्रशस्त करते हैं। जो समाज वरिष्ठजनों का सम्मान करता है, वही सही मायने में आगे बढ़ता है। जिला प्रशासन द्वारा वरिष्ठजनों के लिए जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के चेहरों की मुस्कान ही हमारी पूंजी है। नगरपालिका अध्यक्ष हेमेन्द्र गोस्वामी ने कहा कि वरिष्ठजनों को वृद्धजन नहीं अनुभवशील व्यक्ति कहना चाहिए। जिनके कारण हम आज प्रथम पंक्ति में है। 
           कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजीत बनर्जी, कृषि उपज मंडी बोर्ड मुंगेली के अध्यक्ष आत्मासिंह क्षत्रिय ने भी संबोधित किया और वरिष्ठजनों के सम्मान कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। वरिष्ठ नागरिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष धनेश सोलंकी ने वरिष्ठ नागरिकों जीवन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि केरल राज्य में शिक्षा व आय अधिक होने के कारण उनका जीवन सुरक्षित है इसलिए केरल में बुजुर्गो का प्रतिशत देश के अन्य राज्यों से अधिक व सुरक्षित है। छत्तीसगढ़ राज्य में वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुरक्षित करने के लिए दी जा रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 2000 रू. करने की आवश्यकता जताई। इसके साथ ही रेलवे व बस में वरिष्ठ नागरिकों को छूट दिये जाने की मांग की। अंत में उन्होंने कलेक्टर राहुल देव को वरिष्ठ नागरिकों के लिए सर्वसुविधा युक्त निर्माणाधीन सियान सदन में रूची लेते हुए कार्यक्रम आरंभ कराने के लिए वरिष्ठ नागरिकों की ओर से उनका आभार वक्त किया गया।


                 इस दौरान विगत दिवस वरिष्ठजनों के मध्य आयोजित केरम, शतरंज, गेंद फेंक, कुर्सी दौड़, खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले 18 वरिष्ठजनों को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक ने विभाग से संबंधित योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन रामपाल सिंह ने किया व आभार प्रदर्शन उपसंचालक शारदा जायसवाल ने किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ऊर्दू अकादमी बोर्ड के सदस्य एजाज खोखर, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति प्राधिकरण की सदस्य सुश्री रत्नावली कौशल, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रभु मल्लाह, वरिष्ठ नागरिक संघ मुंगेली के सचिव प्रमोद पाठक, संरक्षक जेठमल कोटड़िया, पेंशनर संघ के अध्यक्ष सईद खान, लोरमी संघ के अध्यक्ष अशोक तिवारी, कुशबीर गुप्ता, दिनेश पाठक, अन्य गणमान्य नागरिक, मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो (आईएएस), जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय और संबंधित विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित थे।