*बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या : ट्रिपल मर्डर के आरोपी कैदी ने सीमेंट के स्लैब से सिर कुचल* रेप के आरोपी की हत्या,

*बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या : ट्रिपल मर्डर के आरोपी कैदी ने सीमेंट के स्लैब से सिर कुचल* रेप के आरोपी की हत्या,

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आने से हड़कंप मच गया,मिली जानकारी के अनुसार ट्रिपल मर्डर के आरोपी ने बलात्कार के आरोपी का सीमेंट के स्लैब में सिर कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। जेल के अंदर हुई इस हत्या के बाद कैदियों में भय का माहौल है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन  पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वही इस घटना के बाद जेल डीआईजी एसएस तिग्गा बिलासपुर सेंट्रल जेल पहुंचे।

 घटना मंगलवार की सुबह 9.30 बजे के आसपास की है जेल के ई-1 बैरक में बंद कैदी राजेश राय (40 वर्ष) ने सीमेंट के ढक्कन से नीलू जगत (25 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गया। इस हमले के बाद जेल में कोहराम मच गया। कैदी इधर उधर भागने लगे। हालांकि कुछ कैदियों ने छुड़ाने का प्रयास किया था। घटना की सूचना मिलते ही जेल के कर्मचारी वहां पहुंचे और तत्काल घायल बंदी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश राय पहले से ही तीन मर्डर और दो हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा है। वह मुंगेली जिले के चमारी का रहने वाला है। जबकि मृतक नीलू जगत कोटा का रहने वाला है। वह बलात्कार के किसी मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में सेंट्रल जेल में निरुद्ध था। नाबालिग से बलात्कार करने के कारण 2024 से वह जेल में था।

जेल के भीतर हुई इस घटना से जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी बंदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ब्यूरो रिपोर्ट