*वृंदावन ग्रीन फ़ार्म हाउस में चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ,कई रसूखदार जुआरी गिरफ्तार*
बिलासपुर। कोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर छापा मार कर फार्म हाउस संचालक समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से लाखों रुपए की नगदी, मोबाइल और चार पहिया वाहन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में दबिश दी। यहां लंबे समय से जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। छापेमारी के दौरान मौके पर कई लोग जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस मालिक समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए जुआरी रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं।मौके से पुलिस ने तीन लाख अस्सी हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और पांच चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। फार्म हाउस में चल रहे इस हाईप्रोफाइल जुए के खुलासे के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच में जुट गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट


