*सरकंडा क्षेत्र के वार्ड में गंदे और दूषित पानी की समस्या को लेकर वार्डवासियों का फूटा गुस्सा : निगम के अधिकारी और मेयर पर आरोप, आंदोलन की दी चेतावनी*
बिलासपुर। शहर के सरकंडा क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 60 कपिल नगर एवं वार्ड क्रमांक 62 की मूलभूत समस्याओं को लेकर रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में वार्डवासियों ने प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान क्षेत्र के प्रतिनिधि विकास सिंह ठाकुर, हिमांशु राई, रतन तिवारी एवं सिद्धार्थ तिवारी ने वार्ड में सप्लाई हो रहे गंदे पानी को बोतल में लाकर कड़ी नाराजगी जताई है, साथ ही विभिन्न जनसमस्याओं को मीडिया के समक्ष रखते हुए नगर निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
प्रेसवार्ता में विकास सिंह ठाकुर ने बताया कि वार्ड में लंबे समय से गंदे और बदबूदार पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत मिशन योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावे किए गए थे, लेकिन आज तक लोगों को साफ और सुरक्षित पानी नहीं मिल पा रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि दूषित पानी के कारण पीलिया, डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार नगर निगम आयुक्त, महापौर, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम के अधिकारी सरकंडा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 62 कपिल नगर में सप्लाई हो रहे पानी को पीकर दिखा दें तो उन्हें 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
प्रेसवार्ता हिमांशु राई ने कहा कि एक ओर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कपिल नगर सहित कई क्षेत्रों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि पेयजल समेत अन्य समस्याओं का निराकरण शीघ्र नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता शहरवासियों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। वार्डवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की है।
ब्यूरो रिपोर्ट


