*20 जून को जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त, बिलासपुर जिले के 99,906 किसान परिवारों को मिलेंगे लगभग 19.98 करोड़ रुपये, कृषि विज्ञान केंद्र, सरकंडा में प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण की व्यवस्था*
बिलासपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में 20 जून 2026 को 23वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से दोपहर 3:45 बजे देशभर के पात्र किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित करेंगे।
इस अवसर पर बिलासपुर जिले के 99 हजार 906 किसान परिवारों को लगभग 19 करोड़ 98 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी। यह सहायता खरीफ सीजन के दौरान किसानों को बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। प्रत्येक चार माह के अंतराल पर 2 हजार रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे पहले 22वीं किस्त मार्च 2026 में जारी की गई थी। योजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, सरकंडा में विशेष व्यवस्था की गई है। यहां जिले के किसान कार्यक्रम से जुड़कर प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकेंगे तथा योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक फार्मर्स आईडी, आधार सत्यापन तथा बैंक खाते की जानकारी अद्यतन रखें, ताकि किस्त की राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
ब्यूरो रिपोर्ट


