होली पर्व को लेकर पथरिया थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

होली पर्व को लेकर पथरिया थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

पथरिया – रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शुक्रवार को पथरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार छाया अग्रवाल ने की। इस दौरान नगर के बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर भाईचारे और आपसी प्रेम के साथ होली मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में तहसीलदार छाया अग्रवाल ने कहा कि होली आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द का प्रतीक है। शासन-प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सभी नागरिकों को पालन करना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को जबरदस्ती रंग न लगाया जाए तथा तरल पदार्थों का उपयोग न किया जाए। हुड़दंग करने वालों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं थाना प्रभारी गिरजाशंकर यादव ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। होलिका दहन के एक दिन पूर्व से ही पुलिस गश्त बढ़ा दी जाएगी। मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर के जनप्रतिनिधियों ने पूर्व में चिन्हित स्थानों पर ही होलिका दहन करने की बात कही। साथ ही नदी एवं एनीकट में स्नान पर प्रतिबंध, डीजे साउंड पर रोक तथा बीच सड़क पर होलिका दहन करने वालों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने पर सहमति बनी। उपस्थित लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

शांति समिति की बैठक में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जसपाल छाबड़ा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रघु वैष्णव, गणेश सोनी, बीएमओ अमित लाल, बलराम जायसवाल, रघुनंदन कर्माकर, इंद्रजीत यादव, बीएल परिहार, देवेंद्र डडसेना, छोटू खान, रवि निर्मलकर, सरपंच अजय वर्मा, उत्तम बंजारे, देवचरण जोशी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।