ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं से निखरता है युवाओं की प्रतिभा – तोखन साहू

ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं से निखरता है युवाओं की प्रतिभा – तोखन साहू


पथरिया।
नगर के समीप ग्राम पंचायत बरछा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। फाइनल मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण खेल प्रेमी मौजूद रहे।
समापन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने की। दोनों अतिथियों ने मैदान में पहुँचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबला बिरगांव एवं बरछा टीम के बीच खेला गया। बिरगांव टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए और बरछा टीम को 83 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में बरछा टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को हासिल किया और फाइनल मुकाबला जीतकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि गाँव-गाँव में युवाओं द्वारा आयोजित की जा रही खेल प्रतियोगिताएँ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में भी ग्रामीण युवा बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम को बधाई दी।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने युवाओं को इस प्रकार के आयोजन निरंतर करते रहने के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों एवं आयोजन समिति को बधाई दी। साथ ही खेल भावना से खेले गए फाइनल मुकाबले की सराहना की।


टूर्नामेंट में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये नकद एवं कप सरपंच मीना ज्ञान गेंदले द्वारा प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद एवं कप स्व. बीरेंद्र पात्रे की स्मृति में बादल पात्रे द्वारा दिया गया। पुरस्कार वितरण केंद्रीय मंत्री तोखन साहू एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले के हाथों किया गया।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए सूरज यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने 22 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। वहीं भूपेंद्र गेंदले को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।