संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

बिलासपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले "समरसता संकल्प अभियान" की रूपरेखा को लेकर आज भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिला कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बाँधी ने संबोधित किया।

डॉ. बाँधी ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के अग्रणी संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक एवं आध्यात्मिक चिंतक थे। उन्होंने अपने विचारों और जीवन दर्शन के माध्यम से समाज के करोड़ों वंचित एवं उपेक्षित लोगों को सम्मान, आत्मविश्वास और उद्देश्यपूर्ण जीवन का मार्ग दिखाया। उनके समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के संदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी संत रविदास महाराज के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में "समरसता संकल्प अभियान" संचालित करेगी। यह अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा, जिससे समाज में समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
डॉ. बाँधी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा की संध्या "समरसता दीप महोत्सव" से होगा। इसके अंतर्गत जिले के सभी मंडलों में संत रविदास मंदिरों सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। दीप महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सामूहिक भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर साधु-संतों का सम्मान भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक "श्री गुरु रविदास कलश वंदन अभियान" संचालित होगा। इस अभियान के अंतर्गत वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सभी प्रदेशों की टोलियों को जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश प्रदान किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ की कलश यात्रा बलरामपुर, अंबिकापुर एवं बिलासपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगी। बिलासपुर जिला संगठन द्वारा कलश यात्रा के स्वागत एवं अभिनंदन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा बिलासपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया तथा कार्यालय मंत्री महाराज सिंह नायक उपस्थित रहे।

भाजपा कार्यालय बिलासपुर मे पूर्व स्पीकर ने की प्रेस वार्ता -

भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय के निर्देशानुसार संत शिरोमणी श्री गुरू रविदास महाराज जी के 650वीं जयंती वर्ष पर देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक चलाया जायेगा।  जिला भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा आयोजित भाजपा कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री गुरू रविदास महाराज जी किसी एक समाज के संत नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथ प्रदर्शक है। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई को श्री गुरू पूर्णिमा पर संध्या देश के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि कलश वंदन अभियान के माध्यम से उनकी जन्म स्थली सीट गोवर्धनपुर (वाराणासी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश हर प्रदेश जिला मंडल और गांव स्तर तक पहुॅचेगे। उन्होंने कहा कि 5 अक्टूबर से 5 नम्बर तक देश सचखंड बल्ला (जालंधर) से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणासी) तक श्री गुरू रविदास महाराज की समरसता यात्रा निकलेगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री कौशिक ने कहा कि गुरू रविदास जी द्वारा दिखाया गया मार्ग ही सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास सबका प्रयास के संकल्प का मूल आधार है। यह अभियान सामाजिक समरसता राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जन आंदोलन बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के उद्देश्य संत गुरू रविदास महाराज के समता सामाजिक न्याय मानवता सेवा उद्भाव और सामाजिक समरसता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुॅचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि श्री गुरू रविदास महाराज की के जीवन उनके महान विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण करते हुए समाज में समानता उद्भाव और भाई चारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों और आदर्शो के माध्यम से समाज को एकता प्रेम मानवता एवं भेदभाव से मुक्त समाज की प्रेरणा दी। उन्होंने उनके बताये हुए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक समरसता एवं सर्वजन कल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुॅचाने और एक समता मूलक सशक्त एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आव्हान किया। प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष बिलासपुर शहर दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित पत्रकार बंधु उपस्थित थे।

ब्यूरो रिपोर्ट