*डीईओ, डीएमसी, ईई, एसडीओ व सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश, कलेक्टर ने पीएम श्री एवं स्वामी आत्मानंद स्कूलों का किया निरीक्षण, निर्माणाधीन भवनों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी*
मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज मुंगेली एवं लोरमी विकासखंड में निर्माणाधीन पीएम श्री तथा स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और गुणवत्ता में कमी पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के साथ मोतिमपुर (अमरटापू) में निर्माणाधीन पीएमश्री विद्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने लैब, लाइब्रेरी, कक्षाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पीएमश्री के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा स्कूल की शिफ्टिंग जल्द सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने एसडीओ सहित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने लोरमी विकासखंड के लालपुर धाम में स्व.अंजोरदास पाटले स्वामी आत्मानंद विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि शिक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विद्यालय परिसर के निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वामी आत्मानंद स्कूल लोरमी का भी दौरा किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ईई, एसडीओ एवं सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की समय पर रिपोर्टिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री द्वारा इन सभी नए स्कूल भवनों का उद्घाटन किया जाएगा, इसलिए निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और भव्यता के साथ समय पर पूर्ण होना चाहिए।
*बच्चों से किया संवाद, टीचर बनकर हल किए गणित के सवाल
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय लोरमी में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से गणित के प्रश्न पूछे और स्वयं शिक्षक बनकर बोर्ड पर सवाल हल कर उन्हें समझाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी जाना और उन्हें मोबाइल से दूर रहकर पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट


