*बिना अनुमति खेल प्रतियोगिता, शिक्षको की लगा दी ड्यूटी,BEO को नोटिस*
बिलासपुर। कोटा विकासखंड के डीएपी स्कूल में बिना अनुमति कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करने और 48 शिक्षकों की ड्यूटी लगाने के मामले में बीईओ एन. के. मिश्रा को बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कारण बताओं नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में पूछा गया है कि वर्तमान समय में शिक्षा विभाग ने एग्जाम की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं ऐसे में शिक्षकों की ड्यूटी लगाना पूरी तरह गलत है। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी के द्वारा बताया गया है कि राज्य शासन की तरफ से खेल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर किसी भी प्रकार के कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। कोटा बीईओ एन. के. मिश्रा ने बिना अनुमति के बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है इसलिए उन्हें तीन दिवस के भीतर जवाब देने कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी कर पूछा
जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने बीईओ एमके मिश्रा को कारण बताओं नोटिस जारी कर पूछा कि आपको पता है कि वर्तमान में स्कूल शिक्षा विभाग की परीक्षा कार्यक्रम 2026 की तैयारी चल रही है। आपने आवश्यकता से अधिक व्यायाम शिक्षक और अन्य शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है जिसके कारण अध्यापन व्यवस्था प्रभावित हो रहा है। साथ ही शाला प्रबंधन पर भी व्यापक असर हो रहा है। आपके द्वारा आवश्यकता से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी किस आधार पर लगाई गई है साथ ही आपने खेल कार्यक्रम में शिक्षकों की ड्यूटी इतनी बड़ी संख्या में किस आधार पर लगाई है जानकारी देना सुनिश्चित करें।
ब्यूरो रिपोर्ट


