*प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय बजट पर कहा आम आदमी का नहीं औद्योगिक घरानों का बजट , बजट में छत्तीसगढ़ की उपेक्षा की गयी है*

*प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय बजट पर कहा आम आदमी का नहीं औद्योगिक घरानों का बजट , बजट में छत्तीसगढ़ की उपेक्षा की गयी है*

रायपुर। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट देश की जनता को निराश करने वाला तथा कारपोरेट घरानों को समर्पित बजट है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए बजट में कुछ नहीं है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की एक बार फिर उपेक्षा हुई है। डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ को ठगा है। छत्तीसगढ़ के कोयला और खनिज संसाधनों के दोहन के लिए कोरिडोर बनाने की बात की गयी है, लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के लिए राज्य को कुछ नहीं मिला। देश की सर्वाधिक कोयला, आयरन ओर, बाक्साईट देने वाले छत्तीसगढ़ की इस बार भी मोदी सरकार ने उपेक्षा किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महंगाई कम करने, नये रोजगार सृजन और करों को छूट देने में यह बजट नाकाम साबित हो गया है। बजट से युवा और छोटे व्यापारी निराश हुए है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री ने बजट में एक बार फिर झूठा दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को इन्होंने गरीबी रेखा से बाहर निकाला जबकि आज भी देश की आबादी का 61 प्रतिशत लोगों 81 करोड़ को सरकार 5 किलो राशन देने का दावा करती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मोदी के हर साल 2 करोड़ रोजगार के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। लघु उद्योगों के लिए मात्र 10 हजार करोड़ का प्रावधान बजट में है। यह ऊंट के मुंह में जीरा है। बजट में कृषि क्षेत्र की उपेक्षा की गयी है, पहले किसानों की आय दुगुनी करने की बात करने वाले इस बजट में दुगुना करने के लिए कोई प्रावधान नहीं किये, अब किसानों की आय बढ़ाने की बात कर रहे है।

बजट से देश का विकास रुकेगा, रोजगार घटेगा - शुक्ला

 मोदी सरकार की अदूरदर्शिता का प्रमाण है 2026 का केंद्रीय बजट। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि इस बजट ने देश की जनता को निराश किया है। बजट से देश का विकास रुकेगा, रोजगार घटेगा। यह बजट बताता है कि मोदी सरकार के आने वाले साल भी देश की जनता के लिए अच्छा नहीं रहने वाला, बजट में कोई भी दूरदर्शिता नहीं दिख रही। युवा, किसान, मजदूर, महिला सभी इस बजट से खुद को ठगा महसूस कर रहे है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश के युवा तो अब रोजगार की उम्मीद भी छोड़ चुके हैं देश की कार्यशक्ति में महिलाओं की भागीदारी लगातार घटती जा रही है किसानों की आय दुगुनी करने की गारंटी दी थी लेकिन किसानों की आमदनी लगातार कम होती जा रही है और कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और लगातार किसानों की आत्महत्या की खबर आ रही है भाजपा की जुमला नीति से महंगाई की मार लगातार बढ़ती जा रही है ना गैस सिलेंडर के दाम कम हुए ना खाद्य पदार्थो के दाम कम करने को लेकर कोई प्रयास इस बजट में नजर आया परिवारों की बचत खाली होती जा रही है अपना घर चलाने के लिए भी लोगो को जद्दोजहद करना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मनरेगा के बजट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं, मनरेगा मजदूरी बढ़ाने के बारे में कुछ भी नहीं। रोजगार बढ़ाने के लिए कोई प्रावधान नहीं। युवाओं को रोजगार के नये अवसर कैसे बढ़ेंगे। इस बजट में कुछ भी नहीं बताया है।

ब्यूरो रिपोर्ट