*नशे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, बड़ा हादसा टला, नेहरू नगर क्षेत्र की घटना*
बिलासपुर। नेहरू नगर स्थित पौष्टिकम के सामने शनिवार देर रात लगभग 11 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चालक अकेला था और उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ से टकराने के बाद कार घूमकर सड़क के बीचों-बीच आ गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश उस समय सड़क पर आगे या पीछे से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा बड़ा सड़क हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार चालक राजेंद्र नगर स्थित बाजपेई चैंबर के पीछे रहने वाला पाण्डेय उपनाम का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय नागरिकों ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी समय किसी निर्दोष व्यक्ति की जान जोखिम में डाल सकती है घटना की जांच जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट


